यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए मार्टिना गुप्ता हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके पिता और दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है.
इस मामले में मृतिका की मां ने अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया था. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता और भाइयों को धर दबोचा.
शुरुआती जांच में ऑनर किलिंग की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के एसजीपीजीआई थाना क्षेत्र के अभिषेक उद्यान में स्वास्थ्य विभाग से वीआरएस लेने वाले राकेश कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते थे.
राकेश की बेटी मार्टिना गुप्ता एमबीए की पढ़ाई करके सिविल सर्विस की तैयारी कर रही थी. रविवार की सुबह खबर आई कि माटिना की हत्या कर दी गई है. उसे पांच गोलियां लगी हुई हैं.
उसके परिजनों ने पहले तो इसे खुदकुशी बताया, लेकिन बाद में अचानक मां ने थाने में तहरीर दी कि उसके पति ने बेटी की हत्या की है.
इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान पुलिस को ऑनर किलिंग की आशंका हुई,
जिसके बाद मार्टिना की हत्या करने और इस वारदात को छुपाने के जुर्म में उसके दो भाइयों को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज करके आरोपी राकेश कुमार गुप्ता सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है.
आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. जांच में पता चला है कि परिवार में शादी की बात चल रही थी. मार्टिना की शादी किसी अधिकारी से तय की गई थी,
लेकिन मार्टिना इस शादी को नहीं करना चाहती थी. इससे परिवार के लोग नाराज थे.
रविवार को इस मुद्दे पर पिता और बेटी में कहासुनी हुई. इसके बाद गुस्साए पिता ने बेटी को गोली मार दी.
इसके बाद कुछ घंटे तक घर में रखने के बाद परिजन उसे लेकर ट्रामा सेंटर ले गए. वहां खुदकुशी की घटना दिखाने की कोशिश की गई. लेकिन बाद में मां ने ही पूरे मामले से पर्दा उठा दिया. राकेश स्वास्थय विभाग में कर्मचारी थे.
उन्होंने वीआरएस लिया हुआ है.

No comments:
Post a Comment